– 10.46 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
नागपुर :- पांचपावली थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और मकान निर्माण व प्लॉट में निवेश के नाम पर 10.46 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी मोहम्मद शफात शेख शमीम अख्तर शेख (28) पहले से एक-दूसरे को जानते थे। आरोपी ने अपने साथी मोहम्मद नावेद शेख शमीम अख्तर शेख (26) के साथ मिलकर महिला का विश्वास जीतकर मकान निर्माण और प्लॉट में निवेश करने पर अधिक मुनाफा दिलाने का लालच दिया। इसके बाद महिला से अलग-अलग समय पर कुल 10,46,421 रुपये लिये गये। शिकायत के मुताबिक, मुख्य आरोपी मोहम्मद शफात शेख (28) ने शादी का वादा कर महिला को दो अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। महिला द्वारा शादी करने और रकम वापस मांगने पर आरोपी ने केवल 61,900 रुपये लौटाए और शेष 9,67,921 रपये देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए शादी से इनकार किया और महिला को धमकी भी दी। मामले में दूसरे आरोपी बालाभाऊपेठ निवासी मोहम्मद नावेद शेख (26) पर भी महिला को बदनाम करने की धमकी देकर दबाव बनाने और जरीपटका स्थित एक होटल में उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर पांचपावली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, दुष्कर्म, आपराधिक धमकी समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





