– चालक हिरासत में,मनीष नगर की आश्रय सोसाइटी का मामला
नागपुर :- बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के मनीष नगर स्थित आश्रय सोसाइटी में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। मृतक की पहचान श्रीअंश पंकज आष्टणकर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी चालक की पहचान मानेवाड़ा निवासी हर्षद वाहाने (28) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, श्रीअंश के पिता पंकज आष्टणकर की क्षेत्र में डेली नीड्स की दुकान है। सोमवार सुबह करीब 10.30 बजे श्रीअंश अपने पिता के साथ दुकान पर गया था और दुकान के सामने खेल रहा था। खेलते-खेलते वह सीमेंट रोड पर पहुंच गया। इसी दौरान तेज रफ्तार कार क्रमांक एमएच 49/पीडब्ल्यू-6368 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में श्रीअंश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल तायवाड़े अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बेलतरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।





