spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

दो दिन में दूसरी रेल दुर्घटना; फिर गई एक किसान की जान 

केलवद/सावनेर :- छिंदवाड़ा–नागपुर रेलमार्ग पर लगातार हो रही रेल दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। दो दिन पहले खेत में काम खत्म कर घर लौट रहे दो सगे भाइयों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। अब उसी रेलमार्ग पर एक और दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय किसान की जान चली गई।

ताजा घटना केलवद थाना क्षेत्र के खुरजगांव स्थित रेलवे पोल क्रमांक 1362/4 के पास शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे हुई। छिंदवाड़ा से नागपुर की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से मन्नूलाल रामाजी उईके (50 वर्ष), निवासी खुरजगांव, की मौके पर ही मौत हो गई। वे पेशे से किसान थे।

उल्लेखनीय है कि इससे दो दिन पहले सावनेर निवासी दो सगे भाई निरंजन लक्ष्मण फिरके (40 वर्ष) और योगेश लक्ष्मण फिरके (37 वर्ष) खेत में काम समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे ट्रेन की चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। लगातार दो दिनों में हुई इन रेल दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।घटना की सूचना सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बनसोड को सौरभ लोखंडे ने दी। इसके बाद हितेश बनसोड ने तत्काल केलवद थाना प्रभारी आशिषसिंह ठाकुर को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

प्राथमिक जांच के अनुसार, संबंधित ट्रेन छिंदवाड़ा से नागपुर की ओर जा रही थी। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच केलवद पुलिस कर रही है।मृतक के शव को सावनेर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटनास्थल से शव को उठाने में हितज्योति आधार फाउंडेशन की टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। इस दौरान शिवा मोरे, नेहाल हनवते, सौरभ लोखंडे, नरेंद्र समदुरकर, आकाश यादव और आर्यन कातकड़े ने सेवा कार्य में भाग लिया। वहीं, लगातार सामने आ रही रेल दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय नागरिकों ने रेलमार्ग के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है। मामले की आगे की जांच केलवद पुलिस कर रही है।

Popular Articles