– क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, 24.63 लाख का माल जब्त, 7 फरार
नागपुर :- नागपुर क्राइम ब्रांच ने कलमना पुलिस थाना क्षेत्र के पावनगांव स्थित टू सिस्टर फार्म हाउस में चल रहे कथित जुआ अड्डे का पर्दाफाश करते हुए 16 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकदी, मोबाइल फोन, चारपहिया व दोपहिया वाहन सहित करीब 24 लाख 63 हजार रुपये का माल जब्त किया है। वहीं, सात आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर डीसीपी दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने फार्म हाउस पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां कुछ लोग ताश के पत्तों के जरिए कथित रूप से रुपयों की बाजी लगाकर जुआ खेलते पाए गए। छापे के दौरान पुलिस ने 72,750 रुपये नकद, करीब 6.20 लाख रुपये कीमत के 17 मोबाइल फोन, करीब 9 लाख रुपये कीमत की दो चारपहिया गाड़ियां, करीब 5.70 लाख रुपये कीमत के सात दोपहिया वाहन तथा फरार आरोपियों के बताए जा रहे करीब 3 लाख रुपये कीमत के पांच मोबाइल फोन जब्त किए। इसके अलावा जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली चटाइयां और ताश के पत्ते भी बरामद किये गये। पुलिस ने इस कार्रवाई में गौरव गेंदलाल यादव (35), रोशन आनंदराव उमरेडकर (38), गणेश ज्ञानचंद नवेश (41), कुणाल खुबचंद पाटिल (32), संगर भीमराव सोमकुंवर (28), संदीप भाऊरावजी नगरिकर (28), कैलास किसनराव डोंगरे (47), हर्षल महादेव डेकाटे (32), धर्मेंद्र राजेश साहू (31), निकेश राजू श्रीपते (33), प्रकाश रवि सिंह (28), अभिषेक अनिल गोरे (22), आकाश रामू गुप्ता (31), शेख रहमान उर्फ गुलाम दस्तगीर (45), सचिन रमेश धाले (48) और तुषार छोटूजी लोनारे (39) को गिरफ्तार किया।
सात आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार
छापे की भनक लगते ही सात जुआरी मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की पहचान हरिश उर्फ माडी पारटे, हरिश रमेश कुहीकर, प्रणय संजयराव जाधव, कार्तिक राजेश मैसकर, पवन सुधाकर रेवतकर, राकेश हीरालाल मेश्राम और आकाश अजय खोब्रागड़े के रूप में हुई है। पुलिस ने फरार आरोपियों के बताए जा रहे पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों द्वारा जांच की जा रही है।
फार्म हाउस की बुकिंग भी जांच के घेरे में
जांच में पुलिस को निकेश राजू श्रीपते की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, कथित जुआ खेलने के लिए फार्म हाउस की बुकिंग उसी ने की थी। उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जुए के इस आयोजन का मुख्य आयोजक कौन था, इसके लिए आर्थिक व्यवस्था किसने की और क्या इस मामले के तार नागपुर में सक्रिय किसी बड़े जुआ नेटवर्क से जुड़े हैं।





