– 3.90 लाख का माल बरामद, 2 गिरफ्तार, 2 फरार
नागपुर :- वाहन चोरी विरोधी पथक ने गिट्टीखदान पुलिस थाना क्षेत्र में हुई दो चोरियों का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य सामान समेत करीब 3 लाख 90 हजार 900 रुपये का माल बरामद किया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिट्टीखदान थाने में दो चोरी के मामले दर्ज थे। शिकायतकर्ताओं के घरों पर ताला लगा था और वे बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। मामले की जांच के दौरान वाहन चोरी विरोधी पथक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तकनीकी सहायता तथा गुप्त सूचना के आधार पर पडकर चौक, गंगाबाई, कोतवाली निवासी उमेश राजेश खांडेकर (22) और म्हाडा क्वार्टर, कपिल नगर निवासी विकास उर्फ विकी विजय पाली (22) को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों मामलों का खुलासा हुआ और आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल बरामद किया गया।
सोने-चांदी के आभूषण समेत मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के कानों के टॉप, अंगूठी और लॉकेट समेत चांदी की थाली, गिलास, कटोरी, कमरबंद, पायजेब, पूजा सामग्री, सिक्का, चम्मच, प्लेट, प्याले आदि सामान बरामद किया। इसके अलावा विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
मामले में म्हाडा क्वार्टर, कपिल नगर निवासी गोविंद उर्फ गोबा काशीराम साखरे (22) तथा म्हाडा क्वार्टर, कपिल नगर निवासी दयाशंकर उर्फ सागर संतोष बघेल फरार आरोपी हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की मेडिकल जांच के बाद उन्हें बरामद माल सहित आगे की कार्रवाई के लिए गिट्टीखदान पुलिस थाने के सुपुर्द किया गया।





