– जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों को सीपी पे किया सम्मानित
नागपुर :- कलमना थाना क्षेत्र में डायल 112 की त्वरित प्रतिक्रिया और पुलिसकर्मियों की सूझबूझ से 27 वर्षीय युवक की जान बच गई। युवक ने खुद को घर में बंद कर लिया था और अपनी जान को खतरे में डालने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नागरिकों की मदद से घर में प्रवेश कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, घटना 1 सितंबर की सुबह करीब 10.20 बजे धरम नगर क्षेत्र में हुई। डायल 112 पर सूचना मिली थी कि 27 वर्षीय युवक ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है और वह अपनी जान को खतरे में डाल सकता है। सूचना मिलते ही बीट मार्शल एचसी संदेश शुक्ला और पीसी ठाकुर आडे तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास मौजूद नागरिकों की मदद ली और घर में प्रवेश कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस की समय पर कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिसकर्मियों की इस तत्परता और सूझबूझ की सराहना करते हुए पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने बीट मार्शल एचसी संदेश शुक्ला और पीसी ठाकुर आडे को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।डायल 112 की त्वरित प्रतिक्रिया और पुलिस टीम की समय पर कार्रवाई ने संकट की घड़ी में युवक को सुरक्षित बचाने में अहम भूमिका निभाई।





