spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

मरीज की मौत के बाद ए-स्क्वायर अस्पताल में हंगामा

– इलाज में लापरवाही का आरोप, पुलिस सुरक्षा में डॉक्टर को बाहर निकाला

नागपुर :- जाफर नगर के आवस्थी चौक के पास स्थित ए-स्क्वायर अस्पताल में बुधवार शाम 38 वर्षीय हृदय रोगी मोहसिन खान की इलाज के दौरान मौत के बाद हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करने तथा उपचार कर रहे डॉक्टर से विवाद करने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार मोहसिन खान को रविवार को सीने में दर्द की शिकायत होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में समय पर उचित उपचार नहीं मिला और डॉक्टर ने उपचार के लिए देर से ध्यान दिया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। सोमवार को अंतिम संस्कार के बाद बुधवार को परिजन उपचार को लेकर स्पष्टीकरण मांगने अस्पताल पहुंचे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग अस्पताल परिसर में जमा हो गए। इस दौरान नारेबाजी और अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। डॉक्टर से भी विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

सूचना मिलते ही मानकापुर पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने संबंधित डॉक्टर को सुरक्षा के बीच अस्पताल से बाहर निकाला तथा डॉक्टर और कुछ परिजनों के बयान दर्ज किए।

अस्पताल ने लापरवाही से किया इनकार

अस्पताल के संचालक डॉ. इरशाद पठान ने उपचार में लापरवाही के आरोपों से इनकार किया। उनके अनुसार, मरीज की हालत गंभीर थी और हृदय की बाईं ओर की मुख्य रक्तवाहिका पूरी तरह ब्लॉक थी। अस्पताल के मुताबिक डॉ. शादमान अली ने मरीज का उपचार किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों पर भीड़ के साथ पहुंचकर डॉक्टर से विवाद करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। प्रबंधन ने संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। चिकित्सा लापरवाही के आरोपों की पुष्टि उचित जांच के बाद ही हो सकेगी।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.