– 14.80 लाख रुपये का माल जब्त, कार मालिक सानू कोडापे हिरासत में
नागपुर :- सीताबर्डी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सफेद रंग की क्रेटा कार से शराब की 45 पेटियां बरामद की हैं। बरामद शराब की कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ करीब 13 लाख रुपये कीमत की क्रेटा कार भी जब्त की। इस कार्रवाई में कुल 14.80 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सीताबर्डी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लेंड्रा पार्क के पास एक सफेद रंग की क्रेटा कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी है और उसमें अवैध शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से शराब की 45 पेटियां बरामद हुईं। कार के मालिक सानू कोडापे के फरार होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।





