– दो अलग-अलग मामलों में गांजा और एमडी जब्त, तीन गिरफ्तार
नागपुर :- ‘नशामुक्त भारत’ और ‘नशामुक्त महाराष्ट्र’ की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), नागपुर द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में एएनटीएफ नागपुर की टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में गांजा और एमडी जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में कुल करीब 3.96 लाख रुपये का माल जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
एएनटीएफ नागपुर की कृति टीम ने 3 सितंबर को प्रतापनगर क्षेत्र में गश्त के दौरान दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में देखा। संदेह के आधार पर उन्हें हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, तलाशी में रोहित संजय गोलानी (25) और राहुल महेश लाखनी (27) के पास से 13 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा, 39 ग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद हुई। जब्त किये गये माल की कुल कीमत 1 लाख 87 हजार 450 रुपये बताई गई है। इस संबंध में प्रतापनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच प्रतापनगर पुलिस कर रही है।
इमामवाड़ा में 65.5 ग्राम एमडी जब्त:
इसी तरह 1 अगस्त को एएनटीएफ को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर इमामवाड़ा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, इमामवाड़ा निवासी अक्षय पाटिल (27) के पास बिक्री के उद्देश्य से एमडी रखने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पंचनामा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कार्रवाई की गई। कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 65.5 ग्राम एमडी, जिसकी कीमत 1 लाख 98 हजार रुपये, 1,500 रुपये नकद और 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया गया। कुल 2 लाख 9 हजार 500 रुपये का माल इस कार्रवाई में जब्त किया गया। आरोपी को 2 अगस्त को सुबह 4.15 बजे गिरफ्तार किया गया। इस मामले में इमामवाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। मामले में मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े ऊपरी और निचले लिंक की जांच की जा रही है।
दोनों कार्रवाइयां स्पेशल आईजीपी, एएनटीएफ महाराष्ट्र ज्योतिप्रिया सिंह और डीआईजी, एएनटीएफ महाराष्ट्र के प्रवीण पाटिल के मार्गदर्शन तथा एसपी, एएनटीएफ नागपुर अजित टिके के निर्देश पर की गईं। कार्रवाई पीआई नंदकुमार केंजले के नेतृत्व में एएनटीएफ नागपुर की कृति टीम ने की। कार्रवाई में एपीआई अमोल कोलेकर, पीएसआई शिवाजी टिपुर्णे सहित एएनटीएफ नागपुर की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





