– प्रदर्शनी भी, नागरिकों से पुराने व दुर्लभ फोटो भेजने की अपील
नागपुर :- नागपुर की पारंपरिक और ऐतिहासिक पहचान मानी जाने वाली ‘मारबत’ अब केवल शहर तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसकी ख्याति देशभर में पहुंच चुकी है। काली और पीली मारबत के पारंपरिक स्वरूप से शुरू हुई यह परंपरा आज विभिन्न रूपों में उत्साह के साथ मनाई जाती है। इसी ऐतिहासिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से नागपुर महानगरपालिका की ओर से 10 और 11 सितंबर को दो दिवसीय भव्य छायाचित्र प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन कविवर्य सुरेश भट सभागृह के प्रदर्शनी हॉल में सुबह 10 से रात 8 बजे तक होगा। प्रदर्शनी के माध्यम से पिछले कई वर्षों की मारबत से जुड़े दुर्लभ और ऐतिहासिक छायाचित्रों को एकत्रित कर उन्हें सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। यह जानकारी मनपा स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे ने दी। महापौर नीता ठाकरे के मार्गदर्शन में मारबत एवं बडग्या महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उप महापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे, सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र बोरकर, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन तथा क्रीड़ा विशेष समिति सभापति दर्शनी धवड की देखरेख में महोत्सव की तैयारियां की जा रही हैं।
‘ऑरेंज सिटी फोटोग्राफर क्लब’ को संयोजन की जिम्मेदारी
छायाचित्र प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी के संपूर्ण संयोजन की जिम्मेदारी ‘ऑरेंज सिटी फोटोग्राफर क्लब’ को सौंपी गई है। क्लब की ओर से गजानन रानडे संयोजन की जिम्मेदारी संभालेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि उनके पास उपलब्ध मारबत से संबंधित पुराने एवं ऐतिहासिक छायाचित्र क्लब के आधिकारिक ईमेल ocpc.ngp@gmail.com पर भेजें और प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।
मारबत नागपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुराने छायाचित्रों के माध्यम से इस विरासत को नई पीढ़ी के सामने लाने तथा मारबत महोत्सव के उत्साह को और बढ़ाने के लिए नागरिकों से इस अनूठी पहल में उत्स्फूर्त सहभागिता की अपील स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे ने की है।





