नागपुर :- पांचपावली पुलिस ने चोरियों के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर पांच अपराधों का खुलासा किया है। आरोपी की पहचान रानी दुर्गावती चौक,गोंड मोहल्ला,यशोधरानगर,नागपुर निवासी अंकित रतन मेश्राम (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, लोहे की कटौनी, दो कंप्यूटर मॉनिटर और होंडा एक्टिवा समेत करीब एक लाख रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को दोपहर 12 से 2 बजे के बीच पंचकुआ मैदान के पास हनुमान सोसाइटी स्थित एक मकान में चोरी हुई थी। शिकायतकर्ता अंशिता सचिन कोटांगले (49) घर में ताला लगाकर अपनी बेटी के साथ अपनी मां के घर गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर ने मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश किया और बेडरूम में दिवान के लॉकर से सोने-चांदी के आभूषण तथा गुल्लक में रखे 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 73,800 रुपये थी। मामले में पांचपावली थाने में चोरी के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस आरोपी की तलाश में थी, तभी वह एमएच-49/एएन-7462 नंबर की एक्टिवा के साथ मिला। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने पर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने उक्त चोरी की वारदात साथी के साथ करने की बात कबूल की। पुलिस के मुताबिक, उसने पांचपावली थाना क्षेत्र में दो अन्य चोरियां और दो वाहन चोरी की वारदातों को भी अंजाम देने की जानकारी दी।





