नागपुर :- हुड़केश्वर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर 31 वर्षीय महिला का यौन शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मानकापुर, नागपुर निवासी अक्षय मनोज अडकने के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पीड़िता की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। हालांकि पति से अनबन के चलते वर्ष 2024 में उसका तलाक हो गया। इसके बाद वह अपने माता-पिता के साथ रहने लगी। इसी दौरान उसकी आरोपी से फेसबुक के माध्यम से पहचान हुई। जान-पहचान बढ़ने के बाद आरोपी ने महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ नजदीकी बढ़ाई। शिकायत के अनुसार, आरोपी उसे एक स्थान पर लेकर गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में महिला ने आरोपी को अपने गर्भवती होने की जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने शादी करने से टालमटोल शुरू कर दी। आरोपी द्वारा लगातार टालमटोल किए जाने और संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर हुड़केश्वर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





