– गोंदिया-बालाघाट महामार्ग पर भीषण हादसा, 7 गंभीर
नागपुर/गोंदिया :- गोंदिया-बालाघाट राष्ट्रीय महामार्ग पर नागरा के पास तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो यात्री वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में बोलेरो सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रक गोंदिया से बालाघाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान बालाघाट की ओर से गोंदिया आ रहे बोलेरो यात्री वाहन की नागरा क्षेत्र में ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह यात्री मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की आधिकारिक पहचान तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी प्रशासन की ओर से जुटाई जा रही है।भीषण हादसे के कारण गोंदिया-बालाघाट महामार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।





