– कोराडी तीर्थ क्षेत्र विकास के लिए 30 वर्षों के पट्टे पर देने को मंत्रिमंडल की मंजूरी
नागपुर/कोराडी :- नागपुर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र कोराडी स्थित श्री महालक्ष्मी जगदंबा संस्थान को तीर्थ क्षेत्र विकास प्रस्ताव के तहत विकसित की गई सरकारी जमीन 30 वर्षों के लिए पट्टे पर देने का निर्णय राज्य मंत्रिमंडल ने लिया है। यह जमीन संस्थान को महज एक रुपए के नाममात्र वार्षिक किराये पर लीज पर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में मुंबई के सह्याद्री अतिथिगृह में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। राजस्व विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र जमीन राजस्व अधिनियम, 1966 की धारा 40 के तहत सरकारी जमीन के निपटारे से संबंधित नियमों और 25 जुलाई 2019 के शासन निर्णय में किये गये प्रावधानों के अनुसार यह निर्णय लिया गया है।
नवीनीकरण का अधिकार जिलाधिकारी को
30 वर्ष की पट्टा अवधि पूरी होने के बाद संस्थान की ओर से नवीनीकरण का अनुरोध किए जाने पर संबंधित नियमों और शासन निर्णय के अनुसार पट्टे के नवीनीकरण का अधिकार नागपुर जिलाधिकारी को दिया गया है।
तीर्थ क्षेत्र विकास को मिलेगी गति
कोराडी का श्री महालक्ष्मी जगदंबा मंदिर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और यहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सरकारी जमीन दीर्घ अवधि के लिए संस्थान को उपलब्ध होने से तीर्थ क्षेत्र विकास प्रस्ताव के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। इससे श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं के निर्माण और मंदिर परिसर के व्यवस्थित विकास का मार्ग भी सुगम होगा।





