– महापौर नीता ठाकरे ने लिया तैयारियों का जायजा, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश
नागपुर :- नागपुर की पारंपरिक एवं ऐतिहासिक पहचान माने जाने वाले मारबत महोत्सव को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से नागपुर महानगरपालिका की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आगामी 11 सितंबर को आयोजित होने वाले मारबत एवं बडग्या महोत्सव के लिए मनपा प्रशासन पूरी तरह तैयार है। महोत्सव के दौरान नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
महोत्सव की तैयारियों और आवश्यक नियोजन को लेकर मंगलवार को महापौर नीता ठाकरे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी- वखरे, सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र बोरकर, मनपा अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, मुख्य अभियंता लीना उपाध्ये, उपायुक्त निर्भय जैन, मंगेश खवले, राजेश भगत, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र उचके, अधीक्षक अभियंता विजय गुरुबक्षाणी, कार्यकारी अभियंता रवींद्र बुंधाडे, राजीव गौतम, गिरीश लिखार, सचिन रक्षमवार, अनिल गेडाम, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ.गजेंद्र महल्ले, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पीयूष आंबुलकर, विवेक रानडे और गजानन रानडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में महापौर ठाकरे ने मारबत मार्ग पर आने-जाने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महोत्सव में आने वाले नागरिकों को पेयजल, स्वच्छता सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा। सत्ता पक्ष नेता बोरकर ने मारबत एवं बडग्या के मार्ग पर पेयजल और स्वच्छता की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
अतिथियों के स्वागत में कोई कमी नहीं
वहीं, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे ने महोत्सव में शामिल होने वाले विदेशी वाणिज्यदूत एवं प्रतिनिधियों, मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और सिने कलाकारों सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के लिए उचित प्रोटोकॉल एवं शिष्टाचार व्यवस्था सुनिश्चित करने की सूचना दी।बैठक की शुरुआत में क्रीड़ा अधिकारी डॉ.पीयूष आंबुलकर ने महोत्सव की तैयारियों और इसके तहत आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत भजन संध्या, छायाचित्र प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मनपा का उद्देश्य मारबत महोत्सव के माध्यम से नागपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश तक पहुंचाना, शहर में पर्यटकों का आकर्षण बढ़ाना और नागपुर की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करना है।





