spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

उच्च शिक्षित युवक ने बैंक लूटा

– शेयर बाजार में गंवाए पैसे, बैंक और लोगों का था 5 लाख का कर्ज

नागपुर :- शेयर बाजार में पैसा गंवाने और बढ़ते कर्ज से परेशान एक उच्चशिक्षित युवक ने बैंक लूटने की साजिश रच डाली। सक्करदरा थाना क्षेत्र के भांडे प्लॉट चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में घुसकर कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 4 लाख 53 हजार रुपये नकद लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तातोली, तह. भिवापुर निवासी सूरज भोजराज बोरकर (28) के रूप में हुई है।

सूरज ने बीएससी की पढ़ाई पूरी की है और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में काम कर चुका है। उसे शेयर बाजार में निवेश करने की आदत थी। निवेश में नुकसान होने के बाद उसने कई लोगों से कर्ज लिया था। इसके अलावा उस पर बैंक का भी कर्ज था। कुल मिलाकर करीब 5 लाख रुपये के कर्ज का बोझ उसके सिर पर था। कर्ज की रकम वापस करने के लिए लगातार दबाव बढ़ रहा था। इसी से परेशान होकर उसने बैंक लूटने का फैसला किया। गुरुवार,10 सितंबर शाम वह एक दुकान से मिर्च पाउडर खरीदकर भांडे प्लॉट चौक स्थित एसबीआई की शाखा में पहुंचा। उस समय बैंक में दो महिला और तीन पुरुष कर्मचारी मौजूद थे। सूरज ने बैंक में घुसते ही कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और कैश काउंटर से 4 लाख 53 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही सक्करदरा पुलिस सक्रिय हो गई। बीट मार्शल और अन्य पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने सुर्योदय अस्पताल के पीछे स्थित एनआईटी सोसाइटी से सूरज को हिरासत में ले लिया। उसके पास से लूटी गई पूरी 4 लाख 53 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली गई।

पूछताछ में आरोपी ने कर्ज चुकाने के लिए बैंक लूटने की बात कबूल की। सक्करदरा पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक महेश पांडे कर रहे हैं।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.