– गणेशोत्सव में खुदाई के बाद मरम्मत नहीं होने से नागरिक परेशान
नागपुर :- गणेशोत्सव और त्योहारी सीजन को देखते हुए सड़कों की खुदाई के बाद उन्हें तत्काल पूर्ववत करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की ओर से बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद शहर के कई हिस्सों में सड़कों की ‘गड्ढामय’ स्थिति बरकरार है। संबंधित एजेंसियों और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है।
शहर के विभिन्न इलाकों में पाइपलाइन, ड्रेनेज, बिजली की भूमिगत लाइन सहित अन्य विकास कार्यों के लिए सड़कों की खुदाई की गई है। कई स्थानों पर काम पूरा होने के बाद भी सड़क को पूर्ववत नहीं किया गया। कहीं सड़क की सतह समतल नहीं है तो कहीं मलबा और निर्माण सामग्री सड़कों के किनारे पड़ी है। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सहकारनगर घाट से सोनेगांव मार्ग बदहाल:
सहकारनगर घाट से सोनेगांव की ओर जाने वाले मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो गई है। विकास कार्यों के लिए की गई खुदाई के बाद सड़क को ठीक से पूर्ववत नहीं किया गया। इसके विपरीत रामेश्वरी क्षेत्र में सीमेंट रोड की खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत कर उसे पूर्ववत कर दिया गया है।रामदासपेठ, इतवारी, सक्करदरा, आशीर्वादनगर, हुडकेश्वर रोड, ओंकारनगर और मानेवाड़ा समेत शहर के कई इलाकों में भी सड़कों की खुदाई के बाद मरम्मत का काम अधूरा पड़ा है। नागरिकों ने इन सड़कों की तत्काल मरम्मत कर डामरीकरण करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन को केवल आदेश जारी करने के बजाय उनके प्रभावी अमल पर भी नजर रखनी चाहिए।
मंत्रियों के निर्देश भी बेअसर
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के लोकसभा क्षेत्र और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विधानसभा क्षेत्र सहित शहर के अनेक इलाकों में विकास कार्यों की खुदाई का खामियाजा नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। गडकरी ने खुदाई के बाद सड़कें पूर्ववत नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। जनप्रतिनिधियों के बार-बार निर्देशों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नागरिकों में नाराजगी है।
जगह-जगह निर्माण सामग्री और मलबा:
गणेशोत्सव के दौरान मनपा के स्वच्छता दूतों ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई है। कई इलाकों में सड़कों पर फेंके गए कचरे, साप्ताहिक बाजारों के बाद जमा गंदगी और अन्य अस्वच्छता को दूर किया गया है। इससे शहर को स्वच्छ रखने के प्रशासन के प्रयास नजर आ रहे हैं।
हालांकि, एक ओर स्वच्छता अभियान जारी है, वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों के कारण खराब हुई सड़कें और जगह-जगह पड़े मलबे के ढेर नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। गणेशोत्सव के दौरान इन्हीं मार्गों से गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्राएं निकलेंगी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होगी। ऐसे में गड्ढों, उखड़ी सड़कों और अधूरे निर्माण कार्यों के कारण उत्सव के दौरान नागरिकों की मुश्किलें और बढ़ने की आशंका है।





