– अनिरुद्ध सिंह दिनोरे प्रथम, राहुल मिश्रा द्वितीय और युगल सावकर तृतीय
नागपुर :- नागपुर की प्राचीन और पारंपरिक मारबत संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नागपुर महानगरपालिका और ऑरेंज सिटी फोटोग्राफर्स क्लब के सहयोग से आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी एवं फोटो प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। प्रतियोगिता में अनिरुद्ध सिंह दिनोरे ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया।
प्रदर्शनी में मारबत उत्सव के विभिन्न रंगों और परंपराओं को दर्शाने वाले छायाचित्र प्रदर्शित किए गए। इनमें मारबत के आगमन से लेकर विसर्जन तक के विभिन्न क्षणों के साथ स्थानीय संस्कृति और नागरिकों के उत्साह को कैमरे में कैद किया गया था। पुराने दौर से लेकर पिछले वर्ष के मारबत उत्सव तक के दुर्लभ और आकर्षक छायाचित्र भी प्रदर्शनी में शामिल रहे। नागरिकों ने प्रदर्शनी को उत्स्फूर्त प्रतिसाद दिया। प्रतियोगिता में राहुल मिश्रा ने द्वितीय और युगल सावकर ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। स्नेहल सोनटक्के को प्रथम तथा देवांशु उकले को द्वितीय प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता का परीक्षण प्रसिद्ध छायाचित्रकार नाना मिसाल और विनोद राऊत ने किया। इस अवसर पर ऑरेंज सिटी फोटोग्राफर्स क्लब के अध्यक्ष महेश कालबांडे, सचिव नरेश नेरकर, कोषाध्यक्ष नितेश बाहे सहित क्लब के सदस्य, मनपा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।





