– DNA ने खोला राज,हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की कोशिश
सोलापुर :- सोलापुर के पंढरपुर में 65 वर्षीय महिला द्वारा अपने 70 वर्षीय प्रेमी की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मामूली विवाद के बाद महिला ने धारदार हथियार से प्रेमी की हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने और कुएं में फेंकने का प्रयास किया गया। डीएनए जांच में शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पंढरपुर निवासी मंगल होनमाने और अंबादास खांडेकर के बीच पिछले 15-20 वर्षों से परिचय और प्रेम संबंध थे। अंबादास की उम्र 70 वर्ष, जबकि मंगल की उम्र 65 वर्ष थी। कुछ दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान मंगल ने कोयते से अंबादास पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद मंगल ने शव को जलाने का प्रयास किया। इसके बाद शव को घसीटकर ले जाकर कुएं में फेंक दिया। इस बीच अंबादास के लापता होने की शिकायत उनके परिजनों ने पुलिस थाने में दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस को शंकरगांव क्षेत्र में एक सड़ी-गली और आंशिक रूप से जली हुई अवस्था में हड्डियों का ढांचा मिला। पुलिस को संदेह था कि यह अंबादास का शव हो सकता है। डीएनए जांच में इसकी पुष्टि हुई कि बरामद अवशेष अंबादास खांडेकर के ही हैं। जांच में यह भी सामने आया कि अंबादास को आखिरी बार मंगल होनमाने के साथ देखा गया था। इसके आधार पर पुलिस ने मंगल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार करने की जानकारी पुलिस ने दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कट्टे के अनुसार, अंबादास शराब के नशे में मंगल के घर पहुंचा था। इस दौरान उसने मंगल की बहू के बारे में अपशब्द कहे। इससे नाराज होकर मंगल ने गुस्से में अंबादास पर कोयते से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी मंगल होनमाने को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।





