Home Latest News पुलिसकर्मी ने किया नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म

पुलिसकर्मी ने किया नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म

0
14

– गर्भवती होने के बाद सामने आया मामला, आरोपी सिपाही अरेस्ट

नागपुर :- नागपुर। गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस विभाग के एक सिपाही को गिरफ्तार किया गया है। छात्रा के गर्भवती होने के बाद मामले का खुलासा हुआ। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय प्रतीक विनोद धरपाल के रूप में हुई है। वह शहर पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम में तैनात बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा की वर्ष 2022 में आरोपी प्रतीक से इंस्टाग्राम के जरिए पहचान हुई थी। आरोप है कि 17 अगस्त को प्रतीक ने छात्रा को मुलाकात के लिए अपने घर बुलाया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। 22 सितंबर को छात्रा स्कूल में कक्षा के दौरान अचानक चक्कर खाकर गिर गई। शिक्षकों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकीय जांच और सोनोग्राफी में छात्रा के करीब छह सप्ताह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद चिकित्सकों ने धंतोली पुलिस को सूचना दी। धंतोली पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने पर प्रकरण दर्ज किया और आगे की जांच के लिए मामला गिट्टीखदान पुलिस को सौंप दिया। गिट्टीखदान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।