Home Latest News एशियन गेम्स : कबड्डी में भारत की बेटियों को मिला गोल्ड

एशियन गेम्स : कबड्डी में भारत की बेटियों को मिला गोल्ड

0
10

– फाइनल में ईरान को 37-34 से हराया, मैराथन और शूटिंग में मिले सिल्वर

नागोया :- एशियन गेम्स 2026 के सातवें दिन भारत ने महिला कबड्डी में स्वर्ण पदक जीत लिया। शनिवार को खेले गए फाइनल में भारतीय महिला टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया। इसके साथ ही भारतीय महिला कबड्डी टीम ने लगातार पांचवें एशियन गेम्स में पदक जीतने का सिलसिला बरकरार रखा।

भारत का यह दिन का चौथा पदक रहा। इससे पहले पुरुष मैराथन और महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में भारत ने सिल्वर जीता। पुरुष मैराथन में सावन बरवाल ने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता। इस स्पर्धा में भारत को 44 साल बाद पदक मिला है। इससे पहले 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में भारत ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

शूटिंग में 11वां पदक

महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद की भारतीय टीम दूसरे स्थान पर रही। शूटिंग में यह भारत का इस एशियन गेम्स का 11वां पदक है। इससे पहले भारत ने शूटिंग में एक गोल्ड, पांच सिल्वर और चार ब्रॉन्ज जीते थे।

मेडल टैली में 12वें स्थान पर भारत

महिला कबड्डी में गोल्ड के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 27 हो गई है। इनमें 3 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज शामिल हैं। भारत पदक तालिका में 12वें स्थान पर बना हुआ है।

बॉक्सिंग में कपिल क्वार्टर फाइनल में

पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग में भारत के कपिल ने एस्ताकी को 5-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अब 28 सितंबर को उनका मुकाबला दक्षिण कोरिया के किम गिचाए या पाकिस्तान के इरफान खान से होगा। पुरुष कबड्डी टीम का फाइनल भी ईरान के खिलाफ होना है।