हजारी पहाड़ में भीषण अग्निकांड

0
6

– 5 मकान जलकर खाक, तीन गैस सिलेंडर फटे, टीवी-फ्रिज, बाइक तक राख

नागपुर :- हजारी पहाड़ क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे भीषण आग लगने से पांच मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि घरों में रखा टीवी, फ्रिज, बाइक, घरेलू सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज समेत लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। आग के दौरान तीन गैस सिलेंडर फटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

बताया गया कि आग लगने के बाद स्थानीय नागरिकों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब 4 बजे भाजपा झोपड़पट्टी मोर्चा नागपुर शहर के महामंत्री रमेश कालमेघ ने घटना की जानकारी नगरसेवक विजय होले को दी। इसके बाद विजय होले ने पुलिस और अग्निशमन विभाग से संपर्क कर तत्काल सहायता पहुंचाने की व्यवस्था की। करीब 4:30 बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आसपास के अन्य मकानों तक फैलने से रोका।

कारण पता लगाने में जुटा प्रशासन

इस अग्निकांड में मेघा खोब्रागड़े, कोटि होले, रितेश मेश्राम, मुकेश गौरी और सावंत राऊत के मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। पीड़ित परिवारों के अनुसार, आग में घर का लगभग पूरा सामान नष्ट हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और कुल आर्थिक नुकसान का आधिकारिक आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जाना बाकी है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता, पुनर्वसन और उचित मुआवजे की मांग की है।