ट्रक ने दोपहिया को मारी टक्कर, 12वीं के दो छात्रों की मौत

0
4

– कलमेश्वर के महुरझरी रोड पर हादसा, ट्रक चालक फरार

नागपुर :- कलमेश्वर थाना क्षेत्र के महुरझरी रोड पर सोमवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में 12वीं कक्षा के दो 18 वर्षीय छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान काटोल रोड स्थित वीरचक्र कॉलोनी निवासी वेद बोबडे और सदर निवासी अथर्व थावरे के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। टक्कर के बाद दोनों छात्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर कलमेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। कलमेश्वर पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें आसपास के मार्गों पर जांच कर रही हैं और चालक की पहचान के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे से दोनों छात्रों के परिवारों, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक का माहौल है।