– पहले आंखों में पेपर स्प्रे, फिर चाकू से हमला
नागपुर :- इमामवाड़ा थाना क्षेत्र के जाटतरोड़ी स्थित इंदिरा नगर गली नंबर-1 में पुरानी कहासुनी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि आधी रात तुषार सहारे की आंखों में पीछे से पेपर स्प्रे करने के बाद उस पर चाकू से हमला किया गया। तुषार को बचाने पहुंचे उसके छोटे भाई पर भी पत्थर से हमला किया गया। घटना में तुषार गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, करीब तीन दिन पहले सड़क पर वाहन को कट लगने को लेकर तुषार सहारे और विक्की मेश्राम के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद विक्की डंडे लेकर तुषार के घर भी पहुंचा था, लेकिन पड़ोसियों के बीच-बचाव के बाद वह वहां से चला गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ। बीती रात तुषार अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान विनय मेश्राम से उसका विवाद हो गया। रात करीब 12:30 बजे तुषार अकेला खड़ा था, तभी आरोप है कि विनय मेश्राम अपनी बहन आंचल मेश्राम के साथ वहां पहुंचा। इसी दौरान तुषार की आंखों में पेपर स्प्रे किया गया और विक्की मेश्राम ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने पहुंचे उसके भाई पर भी पत्थर से हमला किए जाने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इमामवाड़ा पुलिस ने मामले में विनय मेश्राम और आंचल मेश्राम को गिरफ्तार किया है, जबकि चाकू से हमला करने वाला विक्की मेश्राम फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।



