चाकू दिखाकर चायवाले से मांगा हफ्ता, दो गिरफ्तार

0
2

– तहसील पुलिस ने तीन के खिलाफ दर्ज किया मामला

नागपुर :- तहसील थाना क्षेत्र में चाय की दुकान पर चाकू दिखाकर हर महीने 20 हजार रुपये का हफ्ता मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले बाइक सवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, इसके बाद चाय की दुकान पर पहुंचकर दोबारा विवाद किया और बीच-बचाव करने वालों को भी धमकाया। शिकायत के आधार पर तहसील पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला पांचपावली रेलवे फाटक परिसर का है। शिकायतकर्ता संजय खरबिकर के अनुसार, वह पांचपावलेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद दोपहिया वाहन से लौट रहे थे। भिसीकर की चाय दुकान के पास तीन युवक अचानक उनकी बाइक के सामने आ गए। रास्ते से हटने को कहने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि युवकों ने संजय के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा सड़क पर पड़े पत्थर से उनकी बाइक को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद संजय अपने दोस्त चंद्रशेखर भिसीकर की चाय दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि कुछ देर बाद तीनों युवक वहां भी पहुंच गए और संजय के साथ दोबारा मारपीट करने लगे। चंद्रशेखर और उनके दोस्तों ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी धमकाया गया। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने चाकू दिखाकर चाय की दुकान चलाने के लिए हर महीने 20 हजार रुपये देने की मांग की और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। तहसील पुलिस ने सोहम उर्फ सोनू निमजे, अक्षय धकाते समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सोहम निमजे और अक्षय धकाते को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, सोहम निमजे के खिलाफ पहले से एनडीपीएस और अवैध हथियार से जुड़े मामले दर्ज हैं। अक्षय धकाते के खिलाफ भी पूर्व में विभिन्न अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।