– एस्कॉर्ट दस्ते की हीरा पान पैलेस पर छापेमारी
नागपुर :- लकड़गंज थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाले की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है। पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल के एस्कॉर्ट दस्ते ने सतनामी नगर चौक स्थित हीरा पान पैलेस पर दबिश देकर कुल 95,776 रुपये का माल जब्त किया। मामले में 25 वर्षीय युवक के खिलाफ लकड़गंज थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एस्कॉर्ट पथक प्रमुख एपीआई भगवान कोली अपने दल के साथ क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि सतनामी नगर चौक स्थित हीरा पान पैलेस में महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाले की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने लकड़गंज थाने की रात्रि गश्त अधिकारी सोनल शिंदे और पंचों की मौजूदगी में पान ठेले की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 89,146 कीमत का प्रतिबंधित सुगंधित पान मसाला और गुटखा बरामद हुआ। इसमें विमल, राजश्री, पान पराग, बाबा नवरतन और रजनीगंधा सहित विभिन्न ब्रांड के छोटे-बड़े पैकेट शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा प्रतिबंधित सिगरेट और 16,630 रुपये नकद भी जब्त किये गये।
मामले में भरतवाड़ा, पुनापुर, पारडी निवासी बादल मोतीलाल काटोके (25) के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन अधिकारी की शिकायत पर लकड़गंज थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में एपीआई भगवान कोली और उनकी टीम ने की।



