वेतन बढ़ाने की मांग पर अड़े कर्मचारी

0
0

– विधायक निवास के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन, आश्वासन के बाद लौटे काम पर

नागपुर :-  विधायक निवास में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन की मांग को लेकर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि नियमानुसार उन्हें करीब 14 हजार रुपये मासिक न्यूनतम वेतन तथा ईएसआईसी और पीएफ जैसी वैधानिक सुविधाएं मिलनी चाहिए, जबकि वर्तमान में उन्हें करीब 9 हजार रुपये मासिक भुगतान किया जा रहा है।

कर्मचारियों के अनुसार, वे पिछले कुछ समय से वेतन बढ़ाने और नियमानुसार न्यूनतम वेतन देने की मांग वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखते आ रहे हैं। मंगलवार को कर्मचारी इस संबंध में विभागीय अभियंता एवं अधीक्षक प्रशांत पुस्तोड़े से मिलने पहुंचे। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि इस दौरान वेतन वृद्धि की मांग करने पर काम से हटाने की बात कही गई। इसके बाद कर्मचारियों ने विधायक निवास के मुख्य द्वार पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर जन बदलाव पार्टी के अध्यक्ष यश गौरखेड़े तथा सामाजिक कार्यकर्ता अमित वांडर कर्मचारियों के साथ विभागीय अभियंता प्रशांत पुस्तोड़े से मिले।

बैठक में कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन और वैधानिक सुविधाओं के अनुसार भुगतान करने की मांग रखी गई। कर्मचारियों के अनुसार, चर्चा के दौरान प्रशांत पुस्तोड़े ने उनकी मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने अपना विरोध समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया। कर्मचारियों ने कहा कि वे शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन और संबंधित वैधानिक सुविधाओं के अनुसार भुगतान की अपेक्षा रखते हैं।