– सामाजिक सुरक्षा शाखा की कार्रवाई, 44,980 रुपए का माल जब्त
नागपुर :- सामाजिक सुरक्षा शाखा, अपराध शाखा की टीम ने अजनी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 11.160 ग्राम एमडी (मेथामफेटामाइन) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हलधरपुर सुखरपाड़ा, जिला कटक, ओडिशा, वर्तमान में काशीनगर, शताब्दी चौक, नागपुर निवासी अब्दुल शिराज अब्दुल गफार (38) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर की रात करीब 9.50 बजे शताब्दी चौक से ओंकार नगर की ओर जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर आरोपी संदिग्ध स्थिति में मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से 11.160 ग्राम एमडी, जिसकी कीमत 33,480 रुपए बताई गई है, एक मोबाइल फोन और 1,500 रुपए नकद बरामद हुए। जब्त माल की कुल कीमत 44,980 रुपए है। इस मामले में अजनी पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22(ब) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, अब्दुल शिराज रिकॉर्ड पर दर्ज आरोपी है। उसके खिलाफ इससे पहले चंद्रपुर के भद्रावती थाने में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने मामले में राहुल और डेविल, दोनों निवासी चंद्रपुर को वांछित आरोपी बताया है। उनकी तलाश की जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है।








