– वन्यजीवों की कहानी अब सोशल मीडिया और कक्षाओं तक
नागपुर :- वन्यजीव सप्ताह 2026 के तहत नागपुर वन विभाग की ओर से वन्यजीव एवं जैवविविधता संरक्षण को लेकर विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपवनसंरक्षक डॉ. विनीता व्यास के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और वन्यजीव विशेषज्ञों ने इन गतिविधियों में भाग लिया।
बूटीबोरी के रुई खैरी स्थित रेट पार्क में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स मीट आयोजित की गई। डॉ. विनीता व्यास ने इन्फ्लुएंसर्स को दुर्लभ, संकटग्रस्त एवं खतरे में पड़ी वनस्पति प्रजातियों के संरक्षण और जैवविविधता के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान सहायक वनसंरक्षक यश काले, सहायक वनसंरक्षक उमरेड मनोज धनविजय और वनपरिक्षेत्र अधिकारी चाबुकांत भडांगे उपस्थित रहे। शासकीय विज्ञान संस्था, नागपुर में भारतीय वन्यजीव विषय पर पोस्टर और प्रश्नमंजुषा प्रतियोगिता हुई। पोस्टर प्रतियोगिता में 21 तथा प्रश्नमंजुषा में 22 टीमों के 44 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। वनपरिक्षेत्र अधिकारी प्रमोद वाडे, राहुल कारेकर, मानद वन्यजीव रक्षक अविनाश लोंढे व अजिंक्य भटकर ने समन्वय किया। डॉ. श्रीकांत बोरकर, डॉ. नागेश्वर येमूल और डॉ. अर्चना महाकालकर ने भी सहभागिता की।
मोगरकसा-मंगली संवर्धन आरक्षित क्षेत्र में सेवा-सदन महाविद्यालय के विद्यार्थियों व प्राध्यापकों के लिए वन्यजीव अनुभव कार्यक्रम और वाघ सफारी आयोजित की गई। इससे विद्यार्थियों को वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक अधिवास में देखने का अवसर मिला।








