spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

 ‘कोरोना से भी बड़ा राज्य में सूखे का संकट’

– उत्सवों पर खर्च से बचें, जरूरतमंदों की मदद करें: बावनकुले

नागपुर :- महाराष्ट्र में जारी सूखे की स्थिति को गंभीर बताते हुए राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि राज्य को आने वाले महीनों में पानी, चारा और किसान-खेत मजदूरों से जुड़ी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने चुनावी दौर में उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील करते हुए उत्सवों पर होने वाले अनावश्यक खर्च को सूखा प्रभावित लोगों की मदद के लिए इस्तेमाल करने का आग्रह किया। वे सोमवार को नागपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

सूखे की स्थिति को देखते हुए भाजपा की प्रस्तावित पांच हजार कार्यकर्ताओं की रैली भी रद्द कर दी गई। बावनकुले ने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस दौरान हार-फूल, बुके और बैंड-बाजे पर खर्च करने से बचें। जन्मदिन समारोह भी बड़े पैमाने पर आयोजित न किए जाएं। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में आने वाले समय में पेयजल और चारे की समस्या गंभीर हो सकती है तथा किसान और खेत मजदूर पहले से ही परेशान हैं। ऐसे में बचाई गई राशि जरूरतमंदों की सहायता में लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार दिवाली से पहले सूखा प्रभावित किसानों तक सहायता पहुंचाने के प्रयास कर रही है।

कर्जमाफी का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाएंगे

बावनकुले ने कहा कि केवाईसी या एग्रीस्टैक कार्ड जैसी तकनीकी वजहों से कर्जमाफी से वंचित रह गए किसानों को भी राहत देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे करीब 10 प्रतिशत किसानों को योजना का लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि कर्जमाफी का लाभ अंतिम पात्र किसान तक पहुंचे।

Popular Articles