spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

एक ही नंबर पर दौड़ रहे थे 4 ट्रक

– फर्जी नंबर प्लेट का बड़ा खेल बेनकाब, दो गिरफ्तार, एक फरार

नागपुर :- कलमना मार्केट परिसर में एक ही नंबर की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चार ट्रक चलाए जाने के मामले का क्राइम ब्रांच की वाहन चोरी विरोधी टीम ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार ट्रक और वाहनों में लदा पारले-जी बिस्कुट व चावल के कुल 210 बोरे समेत 55 लाख 10 हजार 172 रुपये का माल जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 की रात 12.50 से 2.30 बजे के बीच कलमना मार्केट परिसर की पार्किंग में जांच के दौरान यह मामला सामने आया। जांच में पता चला कि आयशर ट्रक का अधिकृत नंबर एमएच-40/सीटी-8683 है। आरोपियों ने इसी नंबर की फर्जी नंबर प्लेट तैयार कर अन्य तीन ट्रकों पर भी लगा रखी थी। पुलिस ने मौके से दो आयशर प्रो 1110, एक टाटा 1109 और एक आयशर प्रो 2110 ट्रक जब्त किए। इन वाहनों में पारले-जी बिस्कुट और चावल के 210 बोरे भी मिले।

इस मामले में पुलिस ने राजेंद्र सिंह सतनाम सिंह रंधावा (51) और सुखदेव सिंह राजेंद्र सिंह रंधावा (24) को गिरफ्तार किया है। वहीं, रायपुर, छत्तीसगढ़ निवासी शिवा सिंह लक्ष्मण जाधव को फरार आरोपी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से फर्जी नंबर प्लेट तैयार कर उसे असली बताकर वाहनों पर लगाया और बिना उचित पंजीयन के उन्हें सड़क पर चलाया। कलमना पुलिस ने विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Popular Articles