– एक्टिवा की डिक्की में विदेशी शराब,आरोपी को दबोचा
नागपुर :- भांडेवाड़ी पुलिस ने अवैध रूप से विदेशी शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से शराब, मोबाइल फोन और एक्टिवा समेत कुल 1 लाख 2 हजार 700 रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8.30 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग की एक्टिवा क्रमांक एमएच-31/एफएन-6134 से अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एचबी टाउन सोसाइटी गेट के पास, गोल्ड लोन बैंक के सामने जाल बिछाया और संदिग्ध एक्टिवा को रोक लिया। पूछताछ में चालक की पहचान ओमनगर, मानकापुर, नागपुर निवासी विक्रम सिंह प्रमोद सिंह चव्हाण (40) के रूप में हुई। पंचों की मौजूदगी में एक्टिवा की तलाशी लेने पर डिक्की से जॉगर मास्टर और जॉनी वॉकर कंपनी की विदेशी शराब बरामद हुई। शराब के संबंध में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने शराब, मोबाइल फोन और एक्टिवा समेत कुल 1,02,700 रुपये का माल जब्त कर आरोपी के खिलाफ भांडेवाड़ी थाने में महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 65(अ)(ई) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त राजेंद्र परदेशी, डीसीपी नित्यानंद झा, एसीपी रोहित ओव्हाड के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन चरडे और उनकी टीम ने की।







