spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

खापा में बाबा लष्कर शाह दरगाह का सालाना उर्स उत्साह के साथ संपन्न!

– संदल शरीफ, कुल शरीफ और मशहूर कव्वालों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां; हजारों जायरीनों की रही मौजूदगी

खापा, संवाददाता :-  महाराष्ट्र राज्य पर्यटन स्थल का ‘क’ दर्जा प्राप्त खापा स्थित हजरत बाबा सैय्यद लष्कर शाह शहीद रहमतुल्लाह अलैह (गड़ी किल्ला) दरगाह का सालाना उर्स 8 से 10 अक्टूबर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। गुस्ल-ए-मजार, परचम कुशाई, संदल शरीफ, कुल शरीफ और मशहूर कव्वालों की प्रस्तुतियों ने उर्स में विशेष रंगत भर दी। इस धार्मिक आयोजन में हजारों जायरीनों ने शिरकत कर बाबा की दरगाह पर श्रद्धापूर्वक माथा टेका।

“गुस्ल-ए-मजार के साथ उर्स का आगाज”

गुरुवार, 8 अक्टूबर को तड़के 1.55 बजे गुस्ल-ए-मजार की पवित्र रस्म अदा की गई। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को सुबह 10 बजे एड. हाजी आसिफ शौकत कुरैशी और खापा नगराध्यक्ष पीयूष बुरडे के हाथों, नयन राजू गिरपुंजे के नेतृत्व में परचम कुशाई का कार्यक्रम संपन्न हुआ।

“संदल शरीफ के जुलूस में उमड़ी जायरीनों की भीड़”

शुक्रवार शाम 4 बजे दरगाह परिसर से संदल शरीफ का जुलूस निकाला गया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जुलूस पुनः दरगाह परिसर में पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में जायरीनों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।

शुक्रवार रात राजस्थान के कपासन निवासी नुसरत कादरी और उत्तर प्रदेश के शब्बू शादाब ने अपनी कव्वालियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शनिवार, 10 अक्टूबर को सुबह 9 बजे कुल शरीफ की धार्मिक रस्म अदा की गई। वहीं, रात के कव्वाली कार्यक्रम में राजस्थान के कपासन निवासी सदाकत साबरी और मुंबई के अदनान अजीम नाजा ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

“गणमान्य लोगों ने किए बाबा के दर्शन; अमन-शांति के लिए मांगी दुआ”

उर्स के दौरान सावनेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. आशिष देशमुख, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुनील केदार और विधान परिषद के विधायक कृपाल तुमाने सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने दरगाह पर पहुंचकर बाबा के दर्शन किए।

इस अवसर पर देश में सुख-शांति और सामाजिक सद्भाव कायम रहने तथा किसानों को सूखे के संकट से उबरने की ताकत मिलने के लिए विशेष दुआ की गई।

“जायरीनों के लिए लंगर की व्यवस्था”

उर्स के अवसर पर 8 से 11 अक्टूबर तक सुबह और शाम लंगर की व्यवस्था की गई थी। देश के विभिन्न हिस्सों से आए जायरीनों के लिए भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। दरगाह कमेटी की ओर से जायरीनों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

“दरगाह कमेटी के प्रयासों से उर्स सफल”

इस सालाना उर्स का आयोजन हजरत बाबा सैय्यद लष्कर शाह शहीद रहमतुल्लाह अलैह (गड़ी किल्ला) दरगाह कमेटी, खापा की ओर से किया गया। उर्स को सफल बनाने में कमेटी के अध्यक्ष हाजी अल्ताफ (बब्लू) शेख, उपाध्यक्ष प्यारू शेख, सचिव साकिर शेख, सहसचिव फिरोज शेख, कोषाध्यक्ष युनुस कुरैशी, सहकोषाध्यक्ष फिरोज (गुड्डू) खान पठान तथा सदस्य आसिफ शेख, असलम शाह, साहिल शेख, काशिफ सुभेदार और जाकिर शाह ने विशेष प्रयास किए।

Popular Articles