spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

एड. निकम ने संघ प्रमुख भागवत से की मुलाकात

– ‘प्रहार’ की रिलीज से पहले स्मृतिमंदिर में किया अभिवादन

नागपुर :- वरिष्ठ सरकारी वकील और राज्यसभा सदस्य एड. उज्ज्वल निकम ने सोमवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत से मुलाकात की। इस दौरान निकम ने रेशिमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति के स्मृतिमंदिर में दर्शन कर अभिवादन भी किया। उनके जीवन पर आधारित फिल्म ‘प्रहार : द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ 16 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है। इसी के मद्देनजर फिल्म से जुड़े लोगों की यह यात्रा हुई।

इस अवसर पर फिल्म निर्माता दिनेश विजान, एड. अनिकेत निकम सहित फिल्म से जुड़े अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। सूत्रों के अनुसार, उज्ज्वल निकम ने डॉ. भागवत से फिल्म देखने का आग्रह भी किया।

निकम के जीवन पर आधारित है फिल्म

‘प्रहार’ फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मामले में सरकारी वकील के रूप में अजमल कसाब के खिलाफ मुकदमा लड़ने वाले उज्ज्वल निकम के जीवन पर आधारित है। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में उनके पेशेवर जीवन और महत्वपूर्ण कानूनी मामलों से जुड़े पहलुओं को प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है।

फिल्म को लेकर निकम की शर्त

उज्ज्वल निकम के अनुसार, फिल्म निर्माताओं के सामने उनकी पहली शर्त थी कि फिल्म में उनके सहित किसी भी पात्र का अनावश्यक महिमामंडन नहीं किया जाए। उन्होंने यह भी कहा था कि कानूनी प्रक्रिया से जुड़े पात्रों के वास्तविक नामों का इस्तेमाल किया जाए। इसके लिए निर्माताओं को न्यायाधीश मदन लक्ष्मणदास तहिलियानी सहित मामले से संबंधित लोगों से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने की बात कही गई थी। उल्लेखनीय है कि न्यायाधीश तहिलियानी ने 6 मई 2010 को अजमल कसाब को फांसी की सजा सुनाई थी।

Popular Articles