spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नायगांव के पास संदिग्ध अवस्था में मिली विवाहिता की मौत

– हत्या की आशंका, ऑटो चालक हिरासत में

नागपुर/जलालखेड़ा :- नागपुर जिले के जलालखेड़ा क्षेत्र में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जलालखेड़ा से काटोल जाने वाले मार्ग पर नायगांव के पास मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृत महिला की पहचान जलालखेड़ा निवासी शीतल सुभाष चरपे (24) के रूप में हुई है। पुलिस दुर्घटना सहित अन्य संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, काटोल की ओर जा रहे कुछ युवकों ने सड़क पर महिला को घायल अवस्था में पड़ा देखा। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह रहा था। युवक उसे तत्काल जलालखेड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर जलालखेड़ा पुलिस थाने के प्रभारी विनोद जांभले और पुलिसकर्मी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा किया और जांच शुरू की।

ऑटो चालक हिरासत में, सीसीटीवी फुटेज की जांच

पुलिस ने मामले में एक ऑटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। महिला वहां किन परिस्थितियों में पहुंची और उसे चोट कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

महिला के पास मौजूद बैग सुरक्षित मिलने सहित कुछ परिस्थितियों को लेकर संदेह जताया जा रहा है। हालांकि, महिला का अपहरण कर हत्या किए जाने की आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। जलालखेड़ा पुलिस थाना प्रभारी विनोद जांभले ने बताया कि महिला के शरीर पर मौजूद चोटों को देखते हुए प्रथम दृष्टया दुर्घटना की आशंका भी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागपुर भेजा गया है। जांच पूरी होने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Popular Articles