– संभाग में 2.55 लाख मतदाता, जिले में 1.44 लाख से अधिक
नागपुर :- नागपुर संभाग विधान परिषद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में नागपुर जिले का दबदबा है। संभाग के छह जिलों में कुल 2,55,603 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें अकेले नागपुर जिले के 1,44,466 मतदाता शामिल हैं। चुनाव विभाग ने मतदान के लिए कुल 445 केंद्र निर्धारित किए हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कुल मतदाताओं में 1,47,280 पुरुष, 1,08,301 महिलाएं और 22 तृतीय पंथी मतदाता हैं। नागपुर जिले में सबसे अधिक 1,44,466 मतदाता हैं, जबकि गढ़चिरोली में सबसे कम 13,608 मतदाता पंजीकृत हैं। जिलावार मतदाताओं की संख्या में चंद्रपुर 32,262 के साथ दूसरे, गोंदिया 22,176, वर्धा 21,742 और भंडारा 21,349 मतदाताओं के साथ आगे हैं।
नागपुर में सर्वाधिक 246 मतदान केंद्र
मतदाताओं की संख्या के अनुसार मतदान केंद्रों की व्यवस्था की गई है। नागपुर जिले में सबसे अधिक 246 केंद्र बनाए गए हैं। चंद्रपुर में 58, वर्धा में 41, गोंदिया में 39, भंडारा में 35 और गढ़चिरोली में 26 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
14,197 दिव्यांग मतदाता:
मतदाता सूची में संभाग के 14,197 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। इनमें 8,933 पुरुष, 5,262 महिलाएं और दो तृतीय पंथी मतदाता हैं। नागपुर में सर्वाधिक 8,064 दिव्यांग मतदाता दर्ज हैं। चंद्रपुर में 1,947, गोंदिया में 1,887, भंडारा में 1,034, गढ़चिरोली में 679 और वर्धा में 586 दिव्यांग मतदाता हैं।
80 वर्ष से अधिक उम्र के 855 मतदाता:
संभाग में 80 वर्ष से अधिक उम्र के 855 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 738 पुरुष और 117 महिलाएं शामिल हैं। नागपुर जिले में इस आयु वर्ग के 721 मतदाता हैं। भंडारा और वर्धा में 36-36, चंद्रपुर में 34, गोंदिया में 24 और गढ़चिरोली में चार मतदाता हैं।
आंकड़ों से स्पष्ट है कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नागपुर जिले की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। चुनाव विभाग के सामने दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं के लिए सुलभ मतदान व्यवस्था सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण रहेगा।








