– लोहे की रॉड और चाकू से हमला, उपचार के दौरान युवक की मौत
नागपुर :- शहर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र के गोंड मोहल्ला इलाके में बैंड बजाने के पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल 27 वर्षीय अभिजीत दिवाण सिडाम की मंगलवार सुबह मेयो अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में गिट्टीखदान पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, पांढराबोडी निवासी अभिजीत साउंड सिस्टम और बैंड बजाने के व्यवसाय से जुड़ा था। 12 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे उसने अपने मित्र राकेश टिपरी को बताया कि वह बैंड बजाने के लिए कुछ लोगों को वर्धा जिले के कारंजा तहसील के एक गांव में ले गया था। बैंड बजाने के पैसे नहीं मिलने के कारण संबंधित लोगों ने उसका साउंड सिस्टम अपने पास रख लिया था। इसके बाद अभिजीत और राकेश पैसे देकर साउंड सिस्टम वापस लाने के लिए रात करीब 10.30 बजे गिट्टीखदान थाना क्षेत्र के गोंड मोहल्ला स्थित दिनशॉ फैक्टरी के सामने पहुंचे। वहां बैंड से जुड़े चार युवकों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान चारों ने अभिजीत के साथ मारपीट की। उसे हाथ-मुक्कों से पीटने के बाद लोहे की रॉड से कमर और सिर पर वार किए गए। वहीं, एक आरोपी ने चाकू से उसके हाथ पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मंगलवार सुबह करीब 8.55 बजे डॉक्टरों ने अभिजीत को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दर्ज मामले में हत्या की धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) जोड़ दी। गिट्टीखदान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने और तकनीकी जांच के बाद चार आरोपियों को हिरासत में लिया। इनमें श्रीशांत सडमाके (19), महेश वाढवे (19), ऋषभ सडमाके (21) और आदेश सडमाके (22) शामिल हैं। इस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।








