– महिला की हत्या के आरोप में प्रेमी युवक गिरफ्तार
नागपुर :- एमआईडीसी थाना क्षेत्र के वानाडोंगरी स्थित मातोश्री नगर में 38 वर्षीय कविता गणेश पिंपलशेंडे की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुरुआत में महिला की मौत इलेक्ट्रिक करंट लगने से होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को अप्राकृतिक बताए जाने के बाद पुलिस जांच में हत्या करने का मामला सामने आया।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 8 बजे कविता अपने घर की रसोई में हीटर से पानी गर्म कर रही थीं। इसी दौरान उनके करंट लगने से गिरकर बेहोश होने की जानकारी सामने आई। परिजन उन्हें उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में एमआईडीसी थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था। लेकिन, जांच के दौरान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मौत को अप्राकृतिक बताया। पुलिस के मुताबिक, पहले सिर पर प्रहार कर महिला की हत्या की गई और बाद में इलेक्ट्रिक करंट से मौत का दिखावा किया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच में घटना के समय आरोपी की घटनास्थल पर मौजूदगी की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शिव कॉलोनी, तह.रावेर, जि.जलगांव निवासी जावेद शेख सहीद मन्यार (33) को उसके घर से हिरासत में लिया। इस मामले में सहायक पुलिस निरीक्षक गजानन काठेवाड की शिकायत पर एमआईडीसी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 229 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
प्रेमी ही निकला हत्यारा
मृतका और आरोपी दोनों ही विवाहित हैं। दोनों के बीच पिछले 15 वर्षों से अवैध संबंध थे। आरोपी जावेद के चार बच्चे हैं, जबकि मृतका कविता की दो बेटियां हैं। दोनों के बीच बीच-बीच में मुलाकातें होती थीं। इस दौरान कविता, जावेद पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद जावेद ने कविता की हत्या कर दी। ऐसी जानकारी सामने आई है।








