spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

विवाद में प्रेमिका को चलती ट्रेन से दिया धक्का

– आरोपी टीटीई गिरफ्तार, अजनी-खापरी के बीच ट्रैक पर मिली थी महिला

नागपुर :- प्रेम संबंधों में विवाद के बाद एक महिला को चलती ट्रेन से धक्का देकर जान से मारने का प्रयास करने के आरोप में रेलवे पुलिस ने टीटीई रविंद्र निमजे को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य रेल के भुसावल मंडल में कार्यरत है। नागपुर लोहमार्ग पुलिस ने उसे भुसावल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पीड़िता का एम्स में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, करीब पांच दिन पहले अजनी लोहमार्ग पुलिस को सूचना मिली थी कि अजनी और खापरी के बीच रेलवे ट्रैक पर किलोमीटर 825/30 के पास एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी है। उसे उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण वह तत्काल बयान देने की स्थिति में नहीं थी। करीब तीन दिन के उपचार के बाद महिला ने पुलिस को बताया कि टीटीई रविंद्र निमजे ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दिया था। इसके बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

दोनों शादीशुदा, दस साल से संबंध

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से अकोला की रहने वाली है और विवाहित है। आरोपी रविंद्र निमजे भी शादीशुदा है। इसके बावजूद दोनों के बीच करीब दस वर्षों से प्रेम संबंध थे। ट्रेन में हुई पहचान के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे अक्सर नागपुर में मिलते थे।

पीड़िता के बयान के अनुसार, पिछले दो से तीन वर्षों से दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा था। इस संबंध में पीड़िता ने नागपुर के यशोधरानगर और अकोला के बाजारपेठ पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को दिए बयान के अनुसार, घटना वाले दिन पीड़िता कामठी स्थित सैन्य कैंटीन से सामान लेने अकोला से नागपुर आई थी। अपनी सहेली के सैन्य पहचान पत्र के आधार पर सामान लेने के बाद वह अकोला लौटने के लिए नागपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। उसने हावड़ा-मुंबई मेल से यात्रा करने के लिए सामान्य श्रेणी का टिकट लिया और प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची। पीड़िता को जानकारी थी कि रविंद्र भी उसी ट्रेन में ड्यूटी पर है। उससे मिलने के लिए वह वातानुकूलित श्रेणी के बी-1 कोच में गई। वहां दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि रविंद्र ने बातचीत करने के बहाने उसे कोच के दरवाजे पर बुलाया और चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। उस समय ट्रेन अजनी और खापरी के बीच से गुजर रही थी।रेलवे ट्रैक पर गंभीर रूप से घायल मिलने के बाद महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Popular Articles