– लंजे के समर्थन में सैकड़ों महिला कैडर एकजुट
देवेंद्र दमाहे, गोंदिया :- महाराष्ट्र राज्य ग्रामीण जीवनोन्नति अभियान ‘उमेद’ के अंतर्गत पंचायत समिति गोरेगांव में कार्यरत तहसील अभियान प्रबंधक एल.जी. लंजे को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ सामने आया है। पहले उनके तबादले की मांग को लेकर विधायक विजय रहांगडाले को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद 17 अक्टूबर 2026 को पंचायत समिति कार्यालय में आयोजित बैठक में महिला कैडर लंजे के समर्थन में एकजुट हुईं।
बैठक में महिलाओं ने लंजे पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए उनका तबादला नहीं करने की मांग की। महिला कैडरों के अनुसार, लंजे पिछले 18 महीनों से गोरेगांव तहसील में कार्यरत हैं। वे ग्रामसखी, ग्राम संगठन, प्रभाग संघ और बचत समूहों के कामकाज की समीक्षा करने के साथ महिलाओं को मार्गदर्शन देते हैं तथा अभियान के कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए प्रयासरत रहते हैं। महिलाओं ने दावा किया कि लंजे के कार्यकाल में अभियान का कामकाज व्यवस्थित रूप से चल रहा है। उन्होंने पूर्व में विधायक को सौंपे गए ज्ञापन में लगाए गए आरोपों पर नाराजगी जताते हुए सभी संबंधित पक्षों की बात सुनकर निष्पक्ष जांच करने की मांग की।
महिला कैडरों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी भूमिका से संबंधित विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपेंगी तथा पत्राचार भी करेंगी। इस मामले में एक ओर लंजे के तबादले की मांग उठी है, तो दूसरी ओर उनके समर्थन में सैकड़ों महिलाओं के एकजुट होने से विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। बैठक में रेखा पटले, एकादशी रिनायत, सविता बिसेन, संगीता बिसेन, सुशीला टेंभुर्निकर, रेखा गौतम, समीक्षा गजभिए, तेजस्वनी चौधरी, सीमा कटरे, ममता दिहारि, वर्षा बिसेन, कोमल बिसेन, शारदा राऊत और याचना कटरे सहित अनेक महिला कैडर उपस्थित थीं।
अब निगाहें प्रशासन पर!
क्या महिला कैडरों की मांग पर विचार किया जाएगा? क्या मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही तबादले पर निर्णय होगा? इन सवालों पर अब सभी की नजरें टिकी हैं। आरोपों की वास्तविकता संबंधित पक्षों के बयान और निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।








