spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

महाराष्ट्र विपि की 5 सीटों के लिए मतदान शुरू

– 182 उम्मीदवारों की प्रतिष्ठा दांव पर

– 3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हो रहा मतदान

– 27 अक्टूबर को होगी मतगणना

नागपूर/मुंबई :- महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया है। इनमें तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इस चुनाव में कुल 182 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगी। राज्य के शिक्षक और स्नातक मतदाताओं का समर्थन किसे मिलता है तथा विधान परिषद की इस चुनावी जंग में कौन बाजी मारता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

पांच निर्वाचन क्षेत्रों में मुकाबला

इस चुनाव में पुणे, छत्रपति संभाजीनगर (मराठवाड़ा) और नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है। वहीं, पुणे और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इन पांचों सीटों पर महायुति, महाविकास आघाड़ी, विभिन्न शिक्षक एवं स्नातक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। कई स्थानों पर बागी उम्मीदवारों और निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी से चुनावी समीकरण दिलचस्प हो गए हैं।

पसंदीदा उम्मीदवारों के चयन से तय होगी जीत:

शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान गोपनीय तरीके से तथा वरीयता क्रम के आधार पर होता है। ऐसे में केवल प्रथम वरीयता के मत ही नहीं, बल्कि दूसरी और तीसरी वरीयता के मत भी उम्मीदवारों की जीत में अहम भूमिका निभा सकते हैं। विभिन्न दलों के बीच प्रतिस्पर्धा, बगावत और निर्दलीय उम्मीदवारों की चुनौती के कारण चुनाव परिणामों को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है।

27 अक्टूबर को होगी मतगणना

शुक्रवार शाम 4 बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों में बंद उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के बाद होगा। इन चुनावों के परिणाम से यह स्पष्ट होगा कि शिक्षक और स्नातक मतदाताओं ने अपने प्रतिनिधित्व के लिए किसे चुना है। विधान परिषद में शिक्षा, रोजगार और शिक्षक-पदवीधर समुदाय से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए मतदाता किस उम्मीदवार पर भरोसा जताते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

सुघााकर कोहले और अभिजीत वंजारी में सीधा मुकाबला

नागपुर संभागीय स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी और भाजपा के सुधाकर कोहले समेत कुल 38 उम्मीदवार मैदान में हैं । इस चुनाव में कोहले और वंजारी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।

नागपुर संभाग के 6 जिलों में कुल 2,55,581 मतदाता पंजीकृत हैं. इनमें 1,47,280 पुरुष और 1,08,301 महिला मतदाता शामिल हैं। चुनाव में कुल 38 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें कांग्रेस और बीजेपी के प्रत्याशियों पर खास नजर रहेगी।

नागपुर जिले में सबसे ज्यादा मतदान केंद्र:

मतदान के लिए पूरे संभाग में 455 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 246 मतदान केंद्र नागपुर जिले में हैं। इसके अलावा चंद्रपुर में 58, वर्धा में 41, गोंदिया में 39, भंडारा में 35 और गढ़चिरोली में 26 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

2,535 अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती:

चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए 2,535 अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा केंद्र सरकार के 476 अधिकारियों की सेवाएं भी ली गई हैं। गढ़चिरोली जिले में चुनाव संबंधी कामकाज के लिए केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के 32 अधिकारियों की सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

जिलेवार मतदाताओं की संख्या पर नजर डालें तो नागपुर में सबसे ज्यादा 1,44,466 मतदाता पंजीकृत हैं। चंद्रपुर में 32,262, गोंदिया में 22,176, वर्धा में 21,742 और भंडारा में 21,349 मतदाता हैं। वहीं, गढ़चिरोली में सबसे कम 13,106 मतदाता पंजीकृत हैं।

Popular Articles