– बोले- पार्टी ने मुझे निष्कासन का पुरस्कार दिया
नागपुर :- महाराष्ट्र में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) ने नेता नितेश कराले को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने और महाविकास आघाड़ी के फैसले के विरोध में भूमिका अपनाने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। निष्कासन के बाद मीडिया से बातचीत करते समय नितेश कराले भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे।
कराले ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए काफी काम किया, लेकिन बदले में उन्हें निष्कासन मिला। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह अपनी अगली राजनीतिक भूमिका की घोषणा करेंगे।
‘पार्टी में लिया ही क्यों था?’
नितेश कराले ने कहा, ‘हां, कार्रवाई हुई होगी। मैं एक सामान्य व्यक्ति हूं। कई बार पार्टी के खिलाफ बोलने पर टिकट काट दिया जाता है। लोगों के कान भरे जाते हैं। अगर मुझे निष्कासित ही करना था, तो पार्टी में शामिल ही क्यों किया गया?’
उन्होंने आगे कहा कि जयंत पाटिल उनका हाथ पकड़कर उन्हें शरद पवार के पास ले गए थे। उस समय उन्हें बताया गया था कि पार्टी में लोकतंत्र है और उनके साथ ऐसा नहीं होगा। हालांकि, अब अचानक उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। कराले ने कहा कि वह इस कार्रवाई को स्वीकार करते हैं।
‘चुनाव के बाद अपनी भूमिका बताऊंगा’:
मीडिया से बातचीत में कराले ने कहा कि चुनाव के बाद वह आगे क्या करना है, इस पर अपना फैसला सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने चुनाव में अपनी जीत का विश्वास भी व्यक्त किया।
कराले ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठे मामले दर्ज हुए और उन्हें जेल में जाना पड़ा, तब पार्टी के किसी नेता ने उनके घर फोन तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब तक उन्होंने अपनी इन भावनाओं को सार्वजनिक नहीं किया था, लेकिन पार्टी की ओर से इस तरह का व्यवहार किए जाने से वे आहत हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘मैंने पार्टी के लिए इतना काम किया और पार्टी ने मुझे निष्कासन का पुरस्कार दिया।’ इस बयान के दौरान कराले मीडिया के सामने रो पड़े।फिलहाल, कराले ने अपनी अगली राजनीतिक दिशा को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है। उन्होंने कहा है कि चुनाव संपन्न होने के बाद ही वे अपनी आगे की भूमिका स्पष्ट करेंगे।








