– पाइपलाइन में रिसाव और नलों की बनावट से नागरिक परेशान
देवेन्द्र दमाहे, गोंदिया :- सालेकसा नगर पंचायत के प्रभाग क्रमांक 9 में सामान्य निधि से लाखों रुपये खर्च कर निर्मित पानी की टंकी से जलापूर्ति शुरू हो गई है। हालांकि, जलापूर्ति व्यवस्था शुरू होते ही पाइपलाइन में रिसाव और नलों की बनावट के कारण नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के चलते निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, नई जलापूर्ति व्यवस्था में पाइपलाइन से पानी का रिसाव हो रहा है। वहीं, नलों की बनावट के कारण पानी भरने में भी असुविधा हो रही है। इसके अलावा, पाइपलाइन नाली से होकर गुजरने के कारण नागरिकों ने पेयजल की स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि जलापूर्ति जैसी बुनियादी सुविधा के निर्माण में गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
नागरिकों का सवाल है कि जब इस परियोजना पर लाखों रुपये खर्च किए गए हैं, तो शुरुआत में ही इस तरह की समस्याएं क्यों सामने आ रही हैं? उनका मानना है कि संबंधित विभाग को पाइपलाइन की तकनीकी जांच कराकर रिसाव दूर करना चाहिए और नलों की व्यवस्था को सुविधाजनक बनाना चाहिए, ताकि लोगों को नियमित जलापूर्ति का लाभ मिल सके।
मुख्याधिकारी ने दिया खामियां दूर कराने का आश्वासन
इस मामले में नगर पंचायत के मुख्याधिकारी ने आश्वासन दिया है कि जलापूर्ति व्यवस्था में जो भी खामियां पाई जाएंगी, उन्हें संबंधित ठेकेदार के माध्यम से दुरुस्त कराया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक आवश्यक कार्रवाई करता है और नागरिकों को समस्याओं से राहत मिलती है।
फिलहाल, प्रभाग क्रमांक 9 के नागरिकों की निगाहें नगर पंचायत प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। पाइपलाइन में रिसाव की मरम्मत, पेयजल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नलों की उचित व्यवस्था करने की मांग की जा रही है।








