– विधायक विनोद अग्रवाल के प्रयासों को सफलता
गोंदिया :- प्राथमिक शिक्षकों की संशोधित एकस्तर पदोन्नति और एस-14 वेतनश्रेणी का लाभ दिलाने की मांग को लेकर जारी प्रयासों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। महाराष्ट्र राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, गोंदिया जिला शाखा के निरंतर संघर्ष तथा विधायक विनोद अग्रवाल द्वारा किए गए प्रभावी प्रयासों के बाद 16 अक्टूबर 2026 को शासन की ओर से जिला परिषद को इस विषय में स्पष्ट मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस पहल पर शिक्षक संघ ने विधायक विनोद अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।
शासन निर्णय 29 फरवरी 2024 के अनुसार शिक्षकों को वर्ष 2002 से पूर्वलक्षी प्रभाव से संशोधित एकस्तर पदोन्नति का लाभ देते हुए एस-14 वेतनश्रेणी लागू करने की मांग संघ लंबे समय से कर रहा है। इस मामले में विधायक विनोद अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के समाधान के लिए पहल की थी।
बताया जाता है कि 21 अप्रैल 2026 को इस संबंध में सकारात्मक निर्णय हुआ था, लेकिन संबंधित आदेश रद्द होने से मामला फिर लंबित हो गया। इसके बाद भी महाराष्ट्र राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने हार नहीं मानी और न्यायालयीन प्रक्रिया सहित विभिन्न स्तरों पर अपना प्रयास जारी रखा। सितंबर माह में संघ के पदाधिकारियों ने विधायक विनोद अग्रवाल से मुलाकात कर शासन स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की। इसके बाद विधायक ने ग्राम विकास मंत्री और संबंधित सचिव स्तर पर यह मुद्दा उठाया। लगातार किए गए प्रयासों के बाद 16 अक्टूबर को जिला परिषद को शासन का स्पष्ट मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिसे शिक्षकों की लंबित मांग के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। महाराष्ट्र राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, गोंदिया जिला शाखा ने कहा कि शिक्षकों के न्यायोचित अधिकारों के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। संघ ने विधायक विनोद अग्रवाल के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए स्पष्ट किया कि शिक्षकों को एकस्तर पदोन्नति, एस-14 वेतनश्रेणी तथा अन्य लंबित लाभ मिलने तक शासन स्तर पर पाठपुरावा जारी रहेगा।








