– धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस पर इंजि.आनंद चंद्रिकापुरे का कथन
गोंदिया :- बहुजन हिताय बहुजन सुखाय बौद्ध विहार, तुमसर की ओर से धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के अवसर पर भव्य ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई और इसके पश्चात प्रबोधन रैली निकाली गई। प्रसिद्ध गायिका सोनम पवार की गायन प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के उद्घाटक माऊली फाउंडेशन के अध्यक्ष तथा भाजपा गोरेगांव तहसील सचिव इंजि. आनंद चंद्रिकापुरे ने कहा कि समता, बंधुता और मानवता ही भगवान बुद्ध का सच्चा धम्म है। डॉ. बाबासाहब आंबेडकर ने केवल धर्म ही नहीं, बल्कि विचार और समाज परिवर्तन का मार्ग दिखाया। 14 अक्टूबर 1956 को नागपुर में धम्मदीक्षा के माध्यम से उन्होंने लाखों अनुयायियों को सामाजिक और वैचारिक मुक्ति की प्रेरणा दी। प्रज्ञा, मैत्री, करुणा और समानता ही बुद्ध धम्म की वास्तविक ताकत है, ऐसा प्रतिपादन उन्होंने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अर्जुनी मोर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व सामाजिक न्याय मंत्री राजकुमार बडोले ने की।
इस अवसर पर पूर्व सभापति मनोज बोपचे, प्राचार्य सुशांत गोस्वामी, उप सभापति रामेश्वर म्हारवाडे तथा युवा अध्यक्ष सुरेंद्र रहांगडाले प्रमुखता से उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन बहुजन हिताय बहुजन सुखाय बौद्ध विहार, आई रमाई समिति तथा समस्त बौद्ध उपासक-उपासिकाओं के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभाग लिया।








