– बूटीबोरी-हिंगना क्षेत्र से ग्रामीण अपराध शाखा ने पकड़ा
नागपुर :- हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाए और पिछले 16 वर्षों से फरार चल रहे कैदी को नागपुर ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजू नगर, हिंगना रोड, नागपुर निवासी इरशाद वहाब शेख (52) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 22 अक्टूबर 2026 को बूटीबोरी-हिंगना क्षेत्र से हिरासत में लिया। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे मौदा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मौदा पुलिस थाने में दर्ज हत्या के एक मामले में अदालत ने इरशाद शेख को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वर्ष 2010 में वह संचित अवकाश (पैरोल) पर जेल से बाहर आया था, लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद वापस जेल नहीं लौटा। इसके बाद उसके खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 224 के तहत मामला दर्ज किया गया था। वह पिछले 16 वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस महानिदेशक, मुंबई के निर्देश पर राज्यभर में फरार और वांछित आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नागपुर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार और अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के निरीक्षक अंकुश माने के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे बूटीबोरी-हिंगना क्षेत्र से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मौदा पुलिस थाने के सुपुर्द किया गया है।








