– चाकूबाजी और ईंट से हमला, क्रॉस FIR दर्ज
नागपुर :- शहर के भांडेवाड़ी थाना क्षेत्र के चांदमारी माता नगर परिसर में घर की खिड़की से झांकने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। 21 अक्टूबर की रात हुई इस घटना में चाकू, ईंट और डंडे से हमला करने के आरोप सामने आए हैं। मारपीट में कई लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत घर में झांकने की बात को लेकर हुई कहासुनी से हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज व मारपीट शुरू हो गई। एक पक्ष की शिकायत में सिर पर ईंट से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत के मुताबिक, एक महिला अपनी बेटी को ट्यूशन से घर लेकर लौट रही थी। इसी दौरान घर की खिड़की से झांकने की बात पर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट के दौरान चाकू से पेट व हाथ पर वार किए गए। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति के सिर पर डंडे से हमला किए जाने का भी आरोप है।
मामले में भांडेवाड़ी पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर मारपीट और ईंट से हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक मामले में मोहम्मद फिरोज मंसूरी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। विवाद की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।








