– हितेश बंसोड ने दिखााई तत्परता, पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
नागपुर/सावनेर :- सावनेर पुलिस थाना क्षेत्र के हेटी परिसर में नासिर ढाबे के पास शुक्रवार, 23 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बंसोड ने मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की। सूचना मिलने पर हाईवे पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद हितज्योति आधार फाउंडेशन की एंबुलेंस से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगसा निवासी हीरालाल उईके (50) भागिमहारी स्थित खेत से मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-40/डीएच-7435 से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नासिर ढाबे के पास उनकी मोटरसाइकिल की सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में हीरालाल उईके के हाथ में चोट आई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार साहिल हीरालाल उईके (19) भी घायल हो गए। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार हेटी निवासी किशोर जगदीश पोगडे (30) के पैर में गंभीर चोट आई। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए नागपुर स्थित मेयो अस्पताल रेफर किया गया।
हितेश बंसोड ने दिखाई तत्परता
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बंसोड घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की सहायता में जुट गए। उन्होंने हाईवे पुलिस के सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीकांत कोली को घटना की सूचना दी। इसके बाद हाईवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
हादसे के बाद सड़क पर पड़ी दोनों मोटरसाइकिलों को किनारे हटाया गया, ताकि यातायात बाधित न हो। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, बंसोड की तत्परता और हाईवे पुलिस की कार्रवाई से घायलों को जल्द चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।








