– 19 मांगों पर चर्चा, 29 अक्टूबर का सत्याग्रह आंदोलन स्थगित
देवेन्द्र दमाहे, गोंदिया :- महाराष्ट्र राज्य प्राथमिक शिक्षक समिति द्वारा शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 29 अक्टूबर को प्रस्तावित सत्याग्रह आंदोलन को जिला परिषद प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया है। जिला परिषद अध्यक्ष लायकराम भेंडारकर के कक्ष में आयोजित बैठक में शिक्षकों की 19 प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेश हर्षे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी झेनिथ दोंदुला, शिक्षाधिकारी पवन खंडारे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में एस-14 वेतनमान, एकस्तर वेतनश्रेणी, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, सेवासातत्य, मकान किराया भत्ता, जीपीएफ ऑनलाइन प्रक्रिया, चयन वेतनश्रेणी और विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रशासन ने लंबित समस्याओं को समय सीमा में हल करने का आश्वासन दिया। एस-14 वेतनश्रेणी के आदेश के लिए चार दिनों में कार्यवाही करने की जानकारी भी दी गई।
शिक्षक समिति ने स्पष्ट किया कि आश्वासनों पर समय रहते अमल किया गया तो दोबारा तीव्र आंदोलन किया जाएगा। बैठक के बाद समिति ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।








