spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नक्सलवाद से विकास की ओर गड़चिरोली – मोदी

– जनजातीय गौरव दिवस पर आदिवासी विकास और संस्कृति संरक्षण पर जोर

गड़चिरोली :- नक्सली हिंसा के कारण दशकों तक विकास से दूर रहे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में अब शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का नया दौर शुरू हो रहा है। केंद्र सरकार का लक्ष्य दुर्गम क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इससे आदिवासी समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कही।

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर गड़चिरोली के जिला क्रीड़ा संकुल में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देशभर में लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं भूमिपूजन किया। साथ ही महाराष्ट्र, गुजरात और तेलंगाना के आदिवासी लाभार्थियों से संवाद कर सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।

आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर

प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के साथ बाबूराव शेडमाके, राघोजी भांगरे, खाज्या नायक, रानी दुर्गावती और टंट्या भील जैसे आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के लिए प्रयासरत है। मोदी ने बताया कि पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दुर्गम बस्तियों तक पक्के मकान, बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। महाराष्ट्र की 22 आश्रमशालाओं और छात्रावासों से जुड़ी सुविधाओं को भी इन प्रयासों में शामिल किया गया है। उन्होंने विकास के साथ आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में यवतमाल के कोलाम समाज के कृष्णा टेकाम ने बताया कि पीएम जनमन योजना से उन्हें पक्का मकान मिला। गुजरात के वजीरभाई कोतवालिया ने कहा कि बांस हस्तकला प्रशिक्षण से उनकी मासिक आय 7-8 हजार रुपये से बढ़कर 20-25 हजार रुपये हो गई। वहीं, तेलंगाना के सबावत अन्वेष ने एकलव्य आवासीय विद्यालय से पढ़ाई कर आईआईटी कानपुर में प्रवेश पाने का अपना अनुभव साझा किया।

पारंपरिक कला एवं हस्तशिल्प को प्रोत्साहन

राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान को सुरक्षित रखते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के समान अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने आदिवासी विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने और पारंपरिक कला एवं हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

देश का प्रमुख स्टील हब विकसित होगा

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि गड़चिरोली की नक्सलग्रस्त और पिछड़े जिले की पहचान अब बदल रही है। आने वाले समय में यह जिला महाराष्ट्र के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि जिले की खनिज संपदा के आधार पर यहां देश का प्रमुख स्टील हब विकसित करने की योजना है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। औद्योगिक विकास के साथ जल, जंगल और जमीन का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम पंचायतों को पर्याप्त निधि उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।

केंद्रीय आदिवासी कार्यमंत्री जुएल ओराम ने बताया कि आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को संजोने के लिए देशभर में 11 संग्रहालयों की घोषणा की गई है, जिनमें से पांच का निर्माण पूरा हो चुका है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी गड़चिरोली को प्रमुख स्टील हब बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि 11 से 18 नवंबर तक भगवान बिरसा मुंडा गौरव दिवस सेवा सप्ताह आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुईं। इसके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, आदिवासी विकास मंत्री डॉ. अशोक उईके, मंत्री नरहरी झिरवाल, सह पालकमंत्री आशीष जायसवाल, राज्यमंत्री इंद्रनील नाईक, विधायक धर्मरावबाबा आत्राम और डॉ. मिलिंद नरोटे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आदिवासी नागरिक उपस्थित थे। इस अवसर पर पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों से अतिथियों का स्वागत किया गया।

Popular Articles